दिल्ली नगर निगम के 272 वार्डों के लिए रविवार को वोटिंग हो रही है. चुनाव में सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल के 56 हजार जवानों को सौंपी गई है. मतदान के लिए 13000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
राजधानी में चुनावों के मद्देनजर की गई सुरक्षा की बावत दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता दीपेंद्र पाठक ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग ने निगम चुनाव में 774 स्थानों पर 4748 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील घोषित किया है. इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने आतंकरोधी गतिविधियों को नाकाम करने सहित सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए हैं.
पाठक ने बताया कि सुरक्षा इंतजामों के दायरे में सभी 13022 मतदान केंद्रों को शामिल किया गया है. इन पर दिल्ली पुलिस और सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स सीआरपीएफ के 56256 जवान तैनात रहेंगे. इसमें सीआरपीएफ की 40 कंपनियां और होमगार्ड के 20 हजार जवान भी शामिल हैं.
सबसे ज्यादा संवेदनशील मतदान केंद्र दक्षिणी दिल्ली में
उन्होंने बताया कि कुल 13022 मतदान केंद्रों में से 3284 को संवेदनशील और 1468 को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है. जबकि मतदान केंद्रों के आसपास 573 परिसरों को संवेदनशील और 197 को अतिसंवेदनशील परिसर के रूप में चिन्हित किया गया है.
सबसे ज्यादा 585 संवेदनशील मतदान केंद्र दक्षिणी दिल्ली में है. जबकि शाहदरा जिले में सर्वाधिक 114 संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं. अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में तुगलकाबाद, जामिया नगर, संगम विहार, सीमापुरी, सीलमपुर, आदर्शनगर, भारत नगर, करोल बाग, चांदनी महल, नजफगढ़, मुंडका, संल्तानपुरी और नांगलोई के कुछ मतदान केंद्रों को शामिल किया गया है.
No comments:
Post a Comment