उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने वहां के सभी सरकारी विद्यालयो में योग शिक्षा और योग अभ्यास को अनिवार्य कर दिया है। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय को लागू करने के लिए अधिकारियों को जरुरी निर्देश दे दिये हैं साथ ही विद्यालयो में आवश्यक संसाधन मुहैया कराने को कहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथजी योग के प्रबल समर्थक हैं। इससे कुछ दिन पहले उन्होंने कहा था कि योग सभी को जोड़ने वाली और बंधुत्व बढ़ाने वाली क्रिया है।
मुख्यमंत्री ने योग और नमाज की मुद्राओं को भी एक जैसा बताया था। राज्य सरकार ने सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली सभी लड़कियों को अनिवार्य रूप से आत्म रक्षा के गुर भी सिखाने का निर्णय किया है। राज्य सरकार ने बुधवार (५ अप्रैल) को ये आदेश जारी किये हैं। अंग्रेजी वेबसाइट रेडिफ डॉट कॉम के अनुसार इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की, और शिक्षा विभाग से जुड़े कई अहम निर्णय लिये। आत्मरक्षा के तहत लड़कियों मार्शल आर्ट, कराटे और जुटो जैसी आत्मरक्षा के तरीके सिखाये जाएंगे। वहीं राज्य के डिप्टी मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि राज्य के विद्यालयो में पहले से ही दी जा रही शारीरिक शिक्षा में योग शिक्षा भी शामिल होगी।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के लिए एक समान सिलेबस लागू करने पर भी जोर दिया। आदित्य नाथ ने अफसरों को कहा कि वे ये सुनिश्चित करें कि राज्य के विश्वविद्यालयों का शैक्षणिक सत्र तय समय पर शुरू हो और निर्धारित वक्त पर ही समाप्त हो। यूपी के विश्वविद्यालय अपने लेट सेशन के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। मुख्यमंत्री ने इंटर विद्यालयो और कॉलेजों में खाली शिक्षकों के पदों को भी जल्द भरने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों और आईटीआई संस्थानों को नये जमाने की जरूरतों के मुताबिक नये कोर्स डिजाइन करने को कहा और पुराने हो चुके कोर्स जैसे रेडियो मैकेनिक को बंद करने की सलाह दी।
No comments:
Post a Comment